रिपोर्ट– पुरुषोत्तम कुमार!
जमुई में शराब तस्करों के नए हथकंडे का उत्पाद विभाग ने पर्दाफाश किया है। तस्कर अब मरीजों की जान बचाने वाली एंबुलेंस से शराब की तस्करी कर रहे हैं। उत्पाद विभाग की टीम ने बानाडीह के पास एक प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बियर यानी 230 लीटर बियर बरामद की है, जबकि दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जमुई में शराबबंदी के बावजूद तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं। कभी आर्मी तो कभी प्रेस और पुलिस लिखी गाड़ियों से तस्करी की खबरें आती रही हैं, लेकिन इस बार तो हद ही हो गई। तस्कर प्राइवेट एंबुलेंस में बेड के नीचे तहखाना बनाकर बियर की तस्करी कर रहे थे।
घटना गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह की है। उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से जमुई के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार ने इलाके में सघन वाहन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एक प्राइवेट एंबुलेंस तेजी से भागने लगी। शक होने पर टीम ने पीछा कर एंबुलेंस को पकड़ा। तलाशी लेने पर एंबुलेंस के अंदर बने बेड के नीचे बॉक्स में छिपाकर रखी गई 460 केन बियर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के चौरा राजपुर निवासी सौरभ कुमार और रामायणपुर निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब झारखंड के जसीडीह सत्संग मोड़ से लखीसराय के पिपरिया ले जाई जा रही थी।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। विभाग ने मामला दर्ज कर दोनों तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है और एंबुलेंस के मालिक की भी तलाश की जा रही है।




