पटना- 36 घंटे से लापता मवेशी कारोबारी का गंगा किनारे मिला शव, परिजनों ने बताया शराब पिलाकर हत्या की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बाढ़ अनुमंडल के मरांची थाना अंतर्गत मरांची गांव निवासी रामप्रवेश सिंह का शव गंगा नदी के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पेशे से गाय-भैंस की खरीद-बिक्री में मध्यस्थता का काम करते थे। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे इसी सिलसिले में पास के गांव रामपुर डुमरा गए थे। वहां उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। देर रात तक जब वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अत्यधिक शराब पिलाकर उनकी हत्या कर दी जबकि इन्हे किसी से कोई दुश्मनी नही थी। इस संबंध में परिजनों ने बीते शनिवार शाम मरांची थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिध व्यक्ति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस के पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए व्यक्ति की निशानदेही पर ही गंगा किनारे से रामप्रवेश सिंह का शव बरामद किया गया। रविवार सुबह-सुबह शव मिलने से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पत्नी मीणा देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात लगभग दस बजे उनकी अपने पति से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। कॉल के दौरान उन्हें बातचीत में पीछे से शराब पीने की बातें और साथ मौजूद लोगों के साथ विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। बातचीत के दौरान ही अचानक उनका फोन स्विच ऑफ हो गया, जिसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। पत्नी ने यह भी बताया कि पूर्व में भी एक व्यक्ति ने उनके पति को इसी तरह शराब पिलाकर औंटा गांव में छोड़ दिया था, जहां से वे अगली सुबह किसी तरह सुरक्षित घर लौटे थे। फिलहाल मरांची थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वही मृतक को एक बेटा और एक बेटी है और वह परिवार का एकलौता कमाने वाले थे।

Join us on: