:- रवि शंकर अमित!
– बाढ़ थाना अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र में शनिवार को जानवरों के लिए घास काटने गई बारह बर्षीय बच्ची की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि बच्ची दोपहर करीब तीन बजे जानवरों के लिए घास लाने घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब छह बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की सूचना डायल-112 को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले में दो युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। परिजनों का कहना है कि बच्ची का कपड़ा भी खुला हुआ था। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद बच्ची के परिजनों में आक्रोश है। अनुमंडल अस्पताल में मृतका के चाचा की पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक भी हुई। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कई आरोप लगाए। पुलिस ने मामले को शांत कराया।
बेलछी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम घटना की जांच में जुटी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से भी पूछताछ कर रही है। शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाइट – मृतका के परिजन
बाइट – पुलिसकर्मी



