मुंगेर- बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर घर से बुलाकर नाबालिग भाई की गोली मारकर की हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

छेड़खानी का विरोध करना भाई को पड़ा भारी, घर से बुलाकर किशोर की गोली मारकर हत्या। सफियासराय में 16 वर्षीय छात्र को सिर में मारी गोली, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत दो किशोर दोस्त पर हत्या का आरोप, पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी।

मुंगेर: सफियासराय थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक 16 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की बहन के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने को लेकर यह घटना हुई। परिजनों का आरोप है कि पूर्व के विवाद को लेकर दो किशोरों ने इशांत कुमार को फोन कर घर से बाहर बुलाया और घर के पीछे ले जाकर उसके सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल इशांत को परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए।मृतक की पहचान सफियासराय थाना क्षेत्र के सफियासराय गली नंबर एक निवासी चंदन कुमार चंदन के 16 वर्षीय पुत्र इशांत कुमार के रूप में हुई है। इशांत टाउन स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था। वारदात सफियासराय थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक मार्बल दुकान के समीप हुई।

फोन कर घर से बुलाया, फिर सिर में मारी गोली

मृतक के दोस्त ऋतू राज रंजन ने बताया कि इशांत शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके दोस्तों का फोन आया। फोन आने के बाद वह घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद परिवार के लोगों को गोली लगने की जानकारी मिली। ऋतू राज रंजन के अनुसार, वह भी मौके पर पहुंचा। वहां निरंजन ने पिस्टल निकाली और आयुष से गोली मांगी। इसके बाद हथियार में गोली भरकर इशांत को पकड़ लिया और उसके सिर में गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।

बहन से छेड़खानी के विरोध में चल रहा था विवाद

मृतक के पिता चंदन कुमार चंदन ने बताया कि करीब दो-तीन माह पूर्व उनकी बेटी और पुत्र इशांत ट्यूशन पढ़ने जाते थे। इसी दौरान संजय यादव के पुत्र निरंजन कुमार और खन्ना यादव के पुत्र आयुष कमल पर उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा था। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों ने दोनों आरोपितों के घर जाकर समझाया था। उस समय मामला शांत हो गया था।पिता के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से दोनों युवक इशांत के साथ मारपीट करने के लिए उसे तलाश रहे थे। शनिवार को दोनों ने उसे घर से बुलाया और गोली मार दी। उन्होंने बताया कि मामला बच्चों से जुड़ा होने के कारण परिवार ने पूर्व में पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी।

इंस्ट्राग्राम चैट से खुलेगा राज

बहन दिव्या ने बताया की दोस्त ने बुलाकर गोली इशांत को गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया की कुछ दिन पूर्ब भाई को निरजन और आयुष कमल के साथ इंस्ट्राग्राम चैट पर लड़ाई हुई सभी लोगो नौलखा का रहने वाला है उन्होंने कहा जिस वक्त घटना हुई उस समय निशांत के दो दोस्त ऋतू रंजन और ऋषव यादव ने देखा है। दिव्या ने बतया की भाई की इंस्ट्राग्राम चैट पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी देता था।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोली लगने की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल इशांत को सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार के नेतृत्व में उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

एसपी पहुंचे अस्पताल, परिजनों को दिया आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि घटना में दो किशोरों की संलिप्तता सामने आई है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

घटनास्थल से चाकू बरामद, एफएसएल टीम करेगी जांच

वारदात के बाद सफियासराय के अलावा वासुदेवपुर, कोतवाली और कासिम बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में मृतक की बहन के साथ पूर्व में हुई छेड़खानी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद में इशांत की हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।

Join us on: