बाढ़-‘न्यायाधीश’ लिखी गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन पर लगाया जाम!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के बुजरूक गांव के पास शुक्रवार को बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रही एक अनियंत्रित चार पहिया गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान चंदा गांव निवासी 40-45 वर्षीय अजीत सिंह उर्फ मतंग के रूप में हुई है।
स्थानीय राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अजीत सिंह अपने धान के खेत देखकर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह बुजुर्ग गांव के समीप फोरलेन पर पहुंचे, तभी पीछे से काफी तेज रफ्तार में आ रही एक चार पहिया गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चार पहिया वाहन पर स्पष्ट अक्षरों में ‘न्यायाधीश’ लिखा हुआ था। हालांकि, उस वाहन की असली पहचान, उसमें सवार लोगों की संख्या और ड्राइवर की भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने अजीत सिंह की मौत के विरोध में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को दोनों तरफ से जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना समेत अनुमंडल के कई थानों की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं।

बाइट – स्थानीय

Join us on: