बक्सर से धीरज कुमार की रिर्पोट..
गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं के अश्लील वीडियो बना इंटरनेट पर डाला
- व्यूज के चक्कर में नैतिकता भूली महिला सुरक्षा कर्मी, अब मामले की लीपापोती का प्रयास
- आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य से की शिकायत
बक्सर : हाल ही में जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में स्कूली छात्राओं के साथ शिक्षकों के द्वारा कथित दुष्कर्म एवं इंटरनेट मीडिया पर उसके वीडियो वायरल कर दिए जाने की घटना के बाद अब बक्सर के एक छात्रावास में रह रही छात्राओं के निजी और अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की का मामला सामने आया है. वीडियो प्रसारित करने का आरोप बालिकाओं की सुरक्षा में कार्यरत महिला सुरक्षा कर्मी पर ही लगाया गया है. आरोप है कि इंटरनेट पर व्यूज और पैसे कमाने के लालच में महिला सुरक्षा कर्मी ने ऐसा किया. लगभग तीन माह से इस बात की जानकारी जिला कल्याण पदाधिकारी तथा जिले के अन्य पदाधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इस बात की शिकायत करने पर बालिकाओं को वहां से निष्कासित करने की धमकी भी जिला कल्याण पदाधिकारी के द्वारा दी जा रही है. इस मामले में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार ने बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने बताया कि 15 जून को रात्रि तकरीबन 9:00 बजे कुछ कल्याण छात्रावास के छात्रों के द्वारा यह बताया गया कि बालिका छात्रावास में रह रही उनकी बहनों का अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है और यह काम वह की सुरक्षा कर्मी पूजा कुमारी के द्वारा ही किया गया है. इस बात की जानकारी मिलते हैं. वह उन छात्रों के साथ बालिका छात्रावास पहुंचे तो गेट से ही यह सुनाई दिया कि अंदर से जोर-जोर से लड़ाई झगड़े की आवाज आ रही है. मालूम चला की गार्ड पूजा कुमारी और छात्राओं के बीच झगड़ा हो रहा है. छात्राओं ने यह बताया कि उनके बेडरूम तथा स्नान आदि करने के समय का वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया जा रहा है. उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना जिला कल्याण पदाधिकारी को देनी चाही, लेकिन तकरीबन चार बार फोन करने पर भी उन्होंने फोन नहीं उठाया. ऐसे में उन्होंने इस बात की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी को दी. अनुमंडल पदाधिकारी ने यह आश्वस्त किया कि जिला कल्याण पदाधिकारी अगले दिन वहां पहुंचकर इस मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करेंगे, लेकिन एक लंबा समय भी जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इतना ही नहीं गार्ड पूजा कुमारी के द्वारा छात्राओं से मारपीट भी की गई. साथ ही साथ जिला कल्याण पदाधिकारी भी इस मामले में शिकायतकर्ता को धमकी दे रहे हैं कि उनका नाम छात्रावास से काट दिया जाएगा.
मामले में अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजू खरवार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है, कहीं ना कहीं जिला कल्याण पदाधिकारी की मंशा सही प्रतीत नहीं हो रही. बहुत ही जल्दी इस एक जांच कमिटी का गठन कर मामले की जांच की जाएगी और कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
जिला कल्याण पदाधिकारी अरविंद कुमार ने इस मामले में बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था. संभवत: जन्मदिन आदि का वीडियो बनाकर पूजा कुमारी के द्वारा इंटरनेट पर प्रसारित किया गया था, जिसकी सहमति बालिकाओं से भी ली गई थी. हालांकि पूजा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली थी और यह कहा था कि वह आगे से ऐसा नहीं करेगी.
बहरहाल अब देखने वाली बात यह होगी कि इस गंभीर मामले पर जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है.




