मोतिहारी में देश का पहला ‘मोदी मोमेंटो संग्रहालय’, 62 स्मृति चिह्नों को नीलामी में खरीद कर बना दिया अनोखा म्यूजियम!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

देश का पहला ‘मोदी मोमेंटो संग्रहालय’! मोतिहारी में 62 स्मृति चिह्नों का अनोखा संग्रह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सामने आई समर्थक की अनोखी पहल…

नीलामी में खरीदे पीएम मोदी को मिले 62 स्मृति चिह्न, सजा दिया ‘मोदी मोमेंटो म्यूजियम’।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से सामने आई एक अनोखी पहल चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थक यमुना शिकारिया ने प्रधानमंत्री को विभिन्न अवसरों पर मिले उपहारों में से नीलामी के जरिए खरीदे गए 62 स्मृति चिह्नों को सहेजकर ‘मोदी मोमेंटो संग्रहालय’ तैयार किया है।

यमुना शिकारिया का दावा है कि यह देश का पहला मोदी मोमेंटो संग्रहालय है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े 62 मोमेंटो को व्यवस्थित तरीके से सजाकर रखा गया है। उनका कहना है कि इन स्मृति चिह्नों को केवल संग्रह करने के लिए नहीं, बल्कि आने वाली युवा पीढ़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से सहेजा गया है।

नीलामी से खरीदे 62 मोमेंटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न कार्यक्रमों में मिलने वाले उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी की जाती है। इसी नीलामी में यमुना शिकारिया ने हिस्सा लेकर 62 मोमेंटो खरीदे। इसके बाद उन्होंने इन सभी स्मृति चिह्नों को एक जगह सुरक्षित तरीके से रखा और उसे संग्रहालय का रूप दिया।

शिकारिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री को मिले उपहारों की नीलामी से प्राप्त राशि का इस्तेमाल जनकल्याणकारी कार्यों में किया जाता है। इसलिए नीलामी में भाग लेकर मोमेंटो खरीदना उनके लिए प्रधानमंत्री से जुड़ी स्मृतियों को सहेजने के साथ-साथ उस प्रक्रिया का हिस्सा बनना भी है।

‘मोमेंटो नहीं, प्रेरणा की कहानी’

यमुना शिकारिया कहते हैं कि उनका उद्देश्य सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े मोमेंटो को जमा करना नहीं है। वह चाहते हैं कि इन स्मृति चिह्नों के जरिए युवा पीढ़ी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों के बारे में जाने।

उनका कहना है कि हमारी कोशिश है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से लोग कुछ सीखें और आने वाली युवा पीढ़ी भी उनके जीवन से प्रेरणा ले। इसी उद्देश्य से उन्होंने नीलामी में 62 मोमेंटो खरीदे और उन्हें एक संग्रहालय के रूप में सहेजकर रखा।

जन्मदिन पर अनोखी पहल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मोतिहारी में बना यह संग्रहालय अब आकर्षण का केंद्र बन गया है। एक तरफ देशभर में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाइयां दी जा रही हैं, तो दूसरी ओर मोतिहारी में उनके समर्थक ने प्रधानमंत्री से जुड़े स्मृति चिह्नों का एक स्थायी संग्रह तैयार किया है।

Join us on: