नवादा- झाँसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर साइबर बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

नवादा: बजाज-रिलायंस फाइनेंस के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी, दो साइबर अपराधी को नवादा पुलिस ने गिरफ्तार किया है

वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, तीन एंड्रॉयड मोबाइल और 9,770 रुपये नकद बरामद

नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9,770 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने थाना क्षेत्र के बाघी और चकवाय गांव के पास छापेमारी की। इस दौरान बाघी से एक साइबर अपराधी को दो एंड्रॉयड मोबाइल के साथ, जबकि चकवाय से एक अन्य साइबर अपराधी को एक एंड्रॉयड मोबाइल और साइबर ठगी के 9,770 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों के नाम पर लोगों को ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देते थे। आरोपित कस्टमर डाटा और फेसबुक से मोबाइल नंबर प्राप्त कर लोगों को फोन करते थे और कभी बैंक मैनेजर तो कभी अन्य कर्मचारी बनकर उन्हें विश्वास में लेते थे।

जाल में फंसने के बाद आरोपित आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और ई-मेल आईडी जैसी व्यक्तिगत जानकारी मांगते थे। इसके बाद लोन की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस की मांग कर लोगों से ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने पूछताछ में कई लोगों के साथ इस तरह ठगी करने की बात स्वीकार की है।

मामले को लेकर वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 659/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान:

  1. रूपांशु कुमार (24 वर्ष), पिता स्व. मुन्द्रिका प्रसाद, निवासी मीरबिगहा (चकवाय), थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा।
  2. राजेश कुमार (21 वर्ष), पिता स्व. दुखन मालाकार, निवासी चकवाय, थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा।

बरामदगी:

  • 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
  • 9,770 रुपये नकद

छापेमारी टीम में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार सैनी तथा परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय सहित पुलिस बल शामिल थे।

Join us on: