रिपोर्ट – मिथुन कुमार
नालंदा जिले से प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय पीजी छात्र शिवम रेक्स का शव नहर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने प्रेमिका के पिता और भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के गोवाल बिगहा निवासी शिवम रेक्स के रूप में हुई है। बताया गया है कि शिवम के माता-पिता दोनों हिलसा कोर्ट में अधिवक्ता हैं। शिवम का शव राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच नहर में बहता हुआ मिला।
परिजनों ने कहा कि शिवम के सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर जख्म के निशान पाए गए हैं। परिवार ने इन चोटों के आधार पर हत्या की आशंका जताई है।
बताया गया है कि शिवम का एकंगरसराय थाना क्षेत्र के एकंगरडीह गांव निवासी मनोज केशरी की पुत्री स्वाति केशरी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतक के दोस्त दीपक कुमार दोनों एसयू कॉलेज में पीजी प्रथम वर्ष के छात्र थे और करीब छह महीने से उनके बीच बातचीत और संपर्क था।
मृतक के पिता ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि लड़की के भाई गौरव ने उन्हें फोन कर मामले को ‘मैनेज’ करने की बात कही थी। पिता का कहना है कि उन्हें भरोसा था कि शिवम को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, लेकिन बाद में उनके बेटे की हत्या कर दी गई।
वहीं, मृतक के बड़े भाई सत्यम केशवा ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे शिवम से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। उस समय शिवम ने खुद को बिहारशरीफ में बताया था, जबकि परिवार का आरोप है कि वह एकंगरसराय में लड़की के परिजनों के संपर्क में था।
भाई ने आरोप लगाया कि शिवम को बातचीत और भरोसे के जरिए बुलाया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। परिवार ने लड़की के भाई पर पहले से भरोसा दिलाने और शिवम का वीडियो रिकॉर्ड करवाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में नहर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ, जो पानी में भीगने के कारण बंद था। एफएसएल टीम की मौजूदगी में मोबाइल का सिम दूसरे फोन में लगाया गया, जिसके बाद हिलसा के एक अधिवक्ता का नंबर सामने आया और पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि युवक का मोबाइल 14 सितंबर की रात करीब 8 बजे से बंद था। पुलिस के मुताबिक, उस समय तक परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। शव के सिर पर चोट का निशान भी देखा गया है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और हत्या से जुड़े आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाइट:- ओम प्रकाश अधिवक्ता, मृतक के पिता
बाइट:- सत्यम केशव, मृतक का भाई
बाइट:- दीपक कुमार, मृतक का दोस्त



