रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने वाले भारत-नेपाल सीमा पर मादक एवं नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की एफ कंपनी द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 100 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप ओनरेक्स (Onerex) बरामद किया गया तथा एक संलिप्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि दिनांक 15 सितंबर 2026 को लगभग 08.20 बजे, बीओपी बेतौन्हा की प्राप्त विशेष खुफिया सूचना के आधार पर एस एस बी टीम द्वारा खेरामठ रोड, बेला बांध के समीप, सीमा स्तंभ संख्या 269/05 से लगभग 2.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में, थाना जयनगर, जिला मधुबनी के अंतर्गत एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 100 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप ओनरेक्स (Onerex) एवं 01 भीभो (Vivo)मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सामान को जब्त करते हुए, पकड़े गए आरोपी से आवस्यक पूछताछ करने पर गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अजीत कुमार, 21 वर्ष, पिता राजकुमार सिंह, गांव मनेरवा, पोस्ट एवं थाना खजौली, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार बरामद कफ सिरप को नेपाल के सिरहा जिले के मदार निवासी ललू को सौंपा जाना था, जिसे आगे नेपाली नागरिकों को खुदरा बिक्री किए जाने की बात सामने आई है।
एस एस बी द्वारा बरामद कोडीन युक्त कफ सिरप, मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर जयनगर थाना को सुपुर्द किया जा रहा है, जहां मामले में एन डी पी एस एक्ट के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस बाबत कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर नशीले एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एस एस बी द्वारा लगातार सतर्कता एवं खुफिया तंत्र को मजबूत करते हुए कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



