रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की ‘ए’ कंपनी के बी ओ पी खौना के जवानों ने एल ए-आधारित आसूचना पर विशेष पेट्रोलिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए 100.5 लीटर नेपाल निर्मित शराब के साथ एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अन्य व्यक्ति मौके से नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।
दिनांक 15 सितंबर 2026 को लगभग 10.00 बजे, बी ओ पी खौना के एल ए से प्राप्त आसूचना के आधार पर एस एस बी टीम द्वारा विशेष पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया। टीम को सीमा स्तम्भ संख्या 279 से लगभग 500 मीटर अंदर भारत की ओर, ग्राम खौना के निकट भेजा गया, जहां जवानों ने रणनीतिक रूप से छिपकर निगरानी शुरू की।
लगभग 10.50 बजे, पेट्रोलिंग पार्टी ने नेपाल की ओर से भारत की तरफ दो व्यक्तियों को सिर पर बोरी में संदिग्ध सामान लेकर आते हुए देखा। एस एस बी टीम द्वारा दोनों को रोकने का प्रयास किया गया। टीम को देखते ही दोनों व्यक्तियों ने सिर पर रखी बोरियां फेंककर भागने का प्रयास किया। जिसे एस एस बी के जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ एवं बरामद बोरियों की जांच करने पर दीलवाले नेपाली निर्मित शोंफी शराब 165 बोतल, प्रत्येक 300 एम एल, कुल 49.5 लीटर। करनाली गोल्ड शोफी शराब
170 बोतल, प्रत्येक बोतल 300 एम एल, कुल 51 लीटर।
कुल नेपाल निर्मित शराब की मात्रा 100.5 लीटर पाया गया। जिसे जब्त कर तस्कर को हिरासत मे ले लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दुखो पासवान, 34 वर्ष, पिता छठू पासवान, ग्राम एवं पोस्ट खौना, थाना बसोपट्टी, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि उक्त शराब नेपाल के इथवारा निवासी पप्पू कुमार से खरीदी गई थी तथा वह इसे बिक्री के उद्देश्य से भारत ला रहा था।
बरामद 100.5 लीटर नेपाल निर्मित शराब एवं गिरफ्तार व्यक्ति की आवश्यक जब्ती एवं गिरफ्तारी सूची तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना को आगे की न्याय संगत कार्वाई करने को लेकर सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
इस बाबत कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए एस एस बी द्वारा लगातार आसूचना आधारित पेट्रोलिंग, निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में तस्करी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



