रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
कटिहार से इस वक्त की बड़ी खबर। रेल पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध घुसपैठ के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। कटिहार रेलवे स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। इनमें एक म्यांमार का नागरिक और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। आरोपियों के पास से कोई भी वैध दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है।
रेल एसपी कार्यालय कटिहार से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में चार संदिग्ध विदेशी नागरिक कामाख्या से आनंद विहार की यात्रा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटिहार स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही चारों को नीचे उतारा और पूछताछ शुरू की।
तलाशी के दौरान पकड़े गए किसी भी व्यक्ति के पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे और कामाख्या से जम्मू की तरफ जाने की फिराक में थे।
पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद नूर, पिता शमशुल अमीन, निवासी सौंगडा सिद्धापारा, म्यांमार के रूप में हुई है। वहीं साथ मौजूद तीनों नाबालिग लड़कियों को निरुद्ध किया गया है।
इस पूरे मामले में रेल थाना कटिहार में कांड संख्या 183/26 के तहत Immigration and Foreigners Act और Passport Act की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल रेल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि ये भारत में किस रूट से दाखिल हुए और इनके पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
इनके पास कामाख्या से आनंद विहार तक का टिकट था। इनके पास से ₹220 (भारतीय मुद्रा) और 1,090 टका (बांग्लादेशी मुद्रा) बरामद हुई।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि इनके परिवार के लोग काफी समय से जम्मू में रह रहे हैं और ये उन्हीं के पास जा रहे थे। आगे की जांच में स्थिति और स्पष्ट होगी।
इन्होंने बताया कि ये म्यांमार (बर्मा) के हैं और बांग्लादेश स्थित कुतुपालॉन्ग शरणार्थी शिविर (Kutupalong Refugee Camp) के रास्ते भारत में दाखिल हुए थे।
कुल 4 लोग पकड़े गए (एक व्यक्ति चेकिंग दल को देखकर भागने मे सफल हो गया
इनके पास से कोई भी वैध पहचान पत्र/दस्तावेज नहीं मिले हैं और न ही कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद हुई है। चारों मूल रूप से म्यांमार के रहने वाले हैं।



