रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल। सदर थाना क्षेत्र के बलियासपट्टी वार्ड नंबर-9 में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मधेपुरा जिले के चिकनाटवा गांव निवासी राधेश्याम शर्मा की पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सास और बहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद छोटी कुमारी ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
परिजनों के अनुसार, छोटी कुमारी की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व बलियासपट्टी वार्ड नंबर-9 निवासी परिवार में हुई थी। घटना के बाद पड़ोस के लोगों ने मधेपुरा स्थित उसके मायके वालों को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिता राधेश्याम शर्मा ने अपने छोटे भाई सुमन शर्मा को तत्काल घटनास्थल पर भेजा।
सुमन शर्मा के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर छोटी कुमारी फांसी के फंदे से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।
विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही मायके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के पीछे सास-बहू के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।



