:- रवि शंकर अमित!
बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी बलिया बाजार में पुलिस एवं ड्रग्स इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
दिनांक 11 सितंबर 2026 को बलिया थाना के पुलिस पदाधिकारी पु०अ०नि० दयानन्द प्रसाद यादव सशस्त्र बल के साथ दिवा गश्ती के दौरान पटेल चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष, बलिया के माध्यम से ड्रग्स इंस्पेक्टर उज्ज्वल प्रसाद रंजन के साथ छापेमारी में सहयोग करने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा ड्रग्स इंस्पेक्टर के साथ छोटी बलिया बाजार स्थित विभिन्न मेडिकल दुकानों की जांच की गई। जांच के क्रम में ड्रग्स इंस्पेक्टर को सूचना मिली कि बड़ी बलिया बाजार स्थित चौधरी मेडिकल दुकान एवं गुंजा मेडिकल दुकान सह मकान में प्रतिबंधित कोडिन सिरप का अवैध क्रय-विक्रय एवं भंडारण किया जाता है।
सूचना के सत्यापन के लिए टीम जब बड़ी बलिया बाजार स्थित चौधरी मेडिकल दुकान के सामने पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कुमार, पिता स्व० राम दयाल चौधरी, साकिन बड़ी बलिया बाजार, वार्ड संख्या-03, थाना बलिया, जिला बेगूसराय बताया। चौधरी मेडिकल दुकान की जांच में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, जबकि गुंजा मेडिकल दुकान बंद पाई गई।
इसके बाद स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में रोहित कुमार के घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर की छत पर बने कमरे से विमल लिखा झोला में Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup (100 ml) के 89 पीस, चोकर लिखा उजला बोरा में इसी प्रकार के 105 पीस तथा एक शीलबंद कार्टून में 120 पीस बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 314 पीस कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। बरामद सभी सिरप का बैच नंबर TBH20247, निर्माण तिथि 06/2026 तथा समाप्ति तिथि 05/2028 है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार ने बताया कि वह संतोष कुमार, पिता रामप्रकाश चौधरी, साकिन बड़ी बलिया बाजार, वार्ड संख्या-03, थाना बलिया, जिला बेगूसराय के साथ मिलकर उक्त प्रतिबंधित सिरप का अवैध क्रय-विक्रय करता है। वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा बरामद सभी सिरप को जप्त करते हुए जप्ती सूची तैयार की गई तथा रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में बलिया थाना कांड संख्या-478/26, दिनांक 11.09.2026, एनडीपीएस एक्ट, 1985 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी संतोष कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।




