नवगछिया में गंगा-कोसी का कहर, आधी रात टूटा बांध, 20 हजार लोगों पर बाढ़ का खतरा; मंत्री-DM ने संभाला मोर्चा!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

भागलपुर/नवगछिया। नवगछिया के रंगरा प्रखंड में गंगा और कोसी के बढ़ते दबाव ने एक बार फिर तबाही का खतरा बढ़ा दिया है। बीती देर रात करीब दो बजे रंगरा में कलबलिया बांध अचानक करीब 30 फीट तक टूट गया। बांध टूटते ही तेज रफ्तार से पानी गांव और आसपास के इलाकों की ओर फैलने लगा। अचानक आई इस आफत से ग्रामीणों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
बांध टूटने से आसपास के इलाकों की करीब 15 से 20 हजार की आबादी के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बांध पर पहले से पर्याप्त मजबूती का काम नहीं कराया गया। जब देर रात बांध पर पानी का दबाव बढ़ा और कटाव शुरू हुआ, तो ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने बोरी डालने के साथ-साथ पेड़ काटकर भी कटाव को रोकने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव और लगातार बढ़ते दबाव के सामने ग्रामीणों की कोशिश नाकाफी साबित हुई और आखिरकार बांध का बड़ा हिस्सा टूट गया।घटना की सूचना मिलते ही पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र और भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बांध मरम्मत का काम शुरू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर बांध टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। गोपालपुर के ब्रह्मोत्तर बांध को एक स्थान पर रिस्टोर कर लिया गया है। वहीं रंगरा के बैसी में पुराने रेलवे बांध के टूटने के बाद उसकी मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है। डीएम के मुताबिक दोनों स्थानों पर दो से तीन घंटे के भीतर बांध को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है।वहीं पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रभावित स्थानों पर युद्धस्तर पर काम कर बांध को जल्द से जल्द रिस्टोर किया जाए, ताकि पानी के फैलाव को रोका जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।इधर, नवगछिया में लगातार बांध टूटने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को डर है कि अगर पानी का बहाव नहीं थमा तो बड़ी आबादी बाढ़ की चपेट में आ सकती है और खेत, घर तथा अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान हो सकता है।
बाइट — अलंकृता पांडे, जिलाधिकारी, भागलपुर
बाइट — इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार

Join us on:

और पढ़ें