जमुई – कंधे पर कुरकुरे का थैला, अंदर से शराब तस्करी, पुलिस ने किया पर्दाफाश!

SHARE:

रिपोर्ट पुरुषोत्तम कुमार

कंधे पर कुरकुरे-नमकीन का थैला, पुलिस ने चेक किया तो उड़ गए होश, नीचे छिपाकर रखी थी अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब

जमुई कंधे पर कुरकुरे और नमकीन से भरा दिख रहा थैला लेकर जा रहे युवक को जब उत्पाद विभाग की टीम ने सोहजाना के पास रोका और तलाशी ली तो पुलिस भी हैरान रह गई। थैले के ऊपर कुरकुरे और नमकीन के पैकेट रखे थे, जबकि उनके नीचे अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। पूछताछ में युवक ने बेधड़क खुद ही बताया कि थैले में शराब है। तलाशी के बाद पुलिस ने उसके पास से 15 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि शराब के खिलाफ उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर झाझा थाना क्षेत्र के सोहजाना के पास पिपराडीह निवासी पवन केसरी के पुत्र बिट्टू केसरी को पकड़ा गया। वह पैदल कंधे पर थैला लेकर जा रहा था। टीम ने जब थैले की जांच की तो उसमें 15 लीटर अंग्रेजी शराब मिली।

इसके अलावा उत्पाद विभाग की दूसरी टीम ने बटिया थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के पास एक ऑटो और बाइक की जांच की। इस दौरान तीन तस्करों को 54 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बेगूसराय जिले के नीमा चंद्रपुरा निवासी रंजीत मिस्त्री के पुत्र सुभाष कुमार, लखीसराय जिले के कटेहर सूर्यगढ़ा निवासी रामस्वरूप यादव के पुत्र रंजीत यादव और बड़ी दुर्गा स्थान निवासी शंकर शाह के पुत्र मिथलेश कुमार शामिल हैं।

दोनों कार्रवाई में कुल 69 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी में इस्तेमाल एक ऑटो और एक बाइक भी जब्त की है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा है।

वाइट –शराब विक्रेता

Join us on: