बाढ़ के पानी में डूबने से राजमिस्त्री की मौत, परिवार में मचा कोहराम!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

भोजपुर जिले से इस वक्त एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिरौटा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से 34 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिरौटा गांव के वार्ड नंबर-9 निवासी स्वर्गीय जलेश्वर पासवान के 34 वर्षीय पुत्र तपेश्वर पासवान मवेशियों के लिए चारा लाने गए थे। इसी दौरान सैदपुर रोड स्थित टावर के पास बाढ़ के गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तपेश्वर पासवान को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
तपेश्वर पासवान पेशे से राजमिस्त्री थे और अपने पीछे पत्नी रम्भा देवी, दो बेटों शिवांश और रीवांश, दो बेटियों सौम्या और शिवानी तथा वृद्ध मां शिवसनी कुंवर समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
पति और बेटे की मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो भाई पप्पू और कामेश्वर तथा बहनें धनवंती और चंदा भी गहरे सदमे में हैं।
पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पिरौटा गांव में मातम पसरा हुआ है। बाढ़ के पानी में सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Join us on: