रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना में लगातार आंदोलनों का सिलसिला जारी है और एक के बाद एक नए आंदोलन जुड़ते चले जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज पटना के गर्दनीबाग में दरोगा भर्ती के 1799 अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि दरोगा भर्ती परीक्षा की फिजिकल डेट जल्द से जल्द जारी की जाए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।
गर्दनीबाग में धरने पर बैठे दरोगा भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक मेहनत और तैयारी की है, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में देरी के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
अभ्यर्थियों ने “मेहनती छात्रों को न्याय दो”, “PET की नई तारीख जल्द घोषित करो”, “जांच तेज हो, परिणाम साफ हो”, “ग्रामीण युवाओं की मेहनत का सम्मान करो”, “सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करो” और “तैयारी हमारी जारी है, आयोग अब आपकी बारी है” जैसे नारे लगाए।
अभ्यर्थियों की मांग है कि मामले की जांच को समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, जांच का परिणाम स्पष्ट किया जाए और दरोगा भर्ती की PET यानी फिजिकल परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सालों की तपस्या और परीक्षा परिणाम की उम्मीद को अधूरा न छोड़ा जाए। उन्होंने आयोग से जल्द से जल्द फिजिकल परीक्षा की तिथि जारी करने की मांग की है।
वहीं अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगों पर फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
गर्दनीबाग में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। राष्ट्र टीवी संवाददाता संजय कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना।




