सरकार पूरी तरह सक्षम है और अपना काम कर रही है, तेजस्वी को मंत्री श्रवण कुमार का जबाब!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

बिहार की बाढ़ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बाढ़ की मौजूदा स्थिति को लेकर सरकार और केंद्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं तो वहीं सत्ता पक्ष के मंत्री श्रवण कुमार ने पलटवार करते हुए कहा है कि सरकार पूरी तरह सक्षम है और अपना काम कर रही है।

तेजस्वी यादव ने कल पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में बाढ़ से हालात भयावह हैं, लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य का 76 फीसदी हिस्सा बाढ़ से प्रभावित है और 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 20 लाख से अधिक लोग फंसे हुए हैं। कई दियारा इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं और लोग अपने घरों की छतों पर फंसे हैं। तेजस्वी ने कहा कि हजारों करोड़ के जान-माल का नुकसान हुआ है, मवेशी बह गए हैं और सरकारी ढांचे को भी भारी क्षति पहुंची है। इसी को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सात मांगें रखी हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और राज्य को 5000 करोड़ रुपये का विशेष बाढ़ राहत पैकेज दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर और एयर ड्रॉपिंग की व्यवस्था की जाए, सेना की मदद ली जाए और किसानों, मजदूरों तथा पशुपालकों के लिए विशेष आर्थिक सहायता दी जाए। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने जून में बाढ़ से ठीक पहले आकस्मिक निधि से 4000 करोड़ रुपये निकाल लिए थे, जिससे अब बाढ़ पीड़ितों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है और राज्य का खजाना खाली हो चुका है, इसलिए इसकी सीएजी से जांच होनी चाहिए।

तेजस्वी यादव ने इस आपदा में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री बार-बार बिहार का दौरा करते हैं, लेकिन इस आपदा में आकर सर्वेक्षण करें और लोगों को राहत पहुंचाएं। उनका कहना है कि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि ठोस राहत और जवाबदेही का है और केंद्र सरकार को बिहार के साथ सौतेला व्यवहार नहीं करना चाहिए।

इन आरोपों पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है और सरकार इतनी सक्षम है कि सभी आपदा से निपट सके। उन्होंने कहा कि आपदा की मॉनिटरिंग खुद सरकार कर रही है और सीएम सम्राट चौधरी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेष पैकेज न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन सरकार जमीन पर राहत कार्य कर रही है।

वहीं हाल में सामने आए भ्रष्टाचार के एक वीडियो जिसमें एक अधिकारी घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है और एक महिला के शराब तस्करी में पकड़े जाने की घटना पर विपक्ष द्वारा लॉ एंड ऑर्डर पर उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि कार्रवाई हो रही है तभी आपको पता चल रहा है कि कौन पकड़ा गया। अगर सरकार कार्रवाई न करती तो ये बातें सामने ही नहीं आतीं। सरकार अपना काम कर रही है और जो भी गलत करेगा उस पर कार्रवाई होगी।

शराबबंदी के मुद्दे पर श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि बिहार में शराबबंदी आधी आबादी यानी महिलाओं की मांग पर लागू की गई थी और नीतीश सरकार आज भी उस फैसले पर कायम है। महिला की शराब तस्करी में गिरफ्तारी को कानून व्यवस्था की विफलता नहीं बल्कि कानून के सख्ती से लागू होने का सबूत बताया।

Join us on: