:- रवि शंकर अमित!
जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आज माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं सभी अंचल अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष, अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलों में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित आबादी, आवागमन, नावों के परिचालन, राहत सामग्री की उपलब्धता, सामुदायिक रसोई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की उपस्थिति लगातार बनी रहनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी अंचल में राहत सामग्री, नाव, सामुदायिक रसोई अथवा अन्य आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता हो तो संबंधित अंचल अधिकारी तत्काल उसका प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यकता के अनुरूप सामग्री एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त संख्या में नावों का सुचारु परिचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी क्षेत्र में नावों की अतिरिक्त आवश्यकता होने पर तत्काल इसकी सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अतिरिक्त नावों की व्यवस्था की जा सके। इसी प्रकार प्रभावित आबादी के लिए आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक रसोई का संचालन सुनिश्चित करते हुए लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति का जायजा लेने तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वर्तमान बाढ़ की स्थिति के अनुसार जिले के 05 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गाँव एवं 45 वार्ड प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में लगभग 21,700 की आबादी प्रभावित हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित आवाजाही एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए वर्तमान में 11 सरकारी एवं 76 निजी, कुल 87 नावों का परिचालन किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, तटबंधों, आवागमन के मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण एवं निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा प्रशासनिक स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं अंचल प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थिति में प्रभावित लोगों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाढ़ की स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी तथा प्रभावित लोगों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में प्रवेश न करें तथा तेज बहाव वाले पानी में पैदल अथवा वाहन से जाने का प्रयास न करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को बाढ़ के पानी से दूर रखें और नाव से यात्रा करते समय सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत, सहायता एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।



