सदर अस्पताल में पहली बार हुआ सफल मेजर ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

CR मशीन की मदद से TVR फ्रैक्चर का सफल इंटरलॉकिंग ऑपरेशन, मरीज की हालत स्थिर

सुपौल :- सदर अस्पताल, सुपौल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में पहली बार मेजर ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन के तहत TVR फ्रैक्चर का इंटरलॉकिंग ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर और संतोषजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटैया निवासी आशीष कुमार शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल लाया गया। चिकित्सकीय जांच में उनके TVR फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद ऑर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ० बी.एन. भारती के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीज का इंटरलॉकिंग ऑपरेशन किया। चिकित्सकों के अनुसार, सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में यह पहला मेजर ऑपरेशन है, जो सफलतापूर्वक किया गया।
डॉ० बी.एन. भारती ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ० बाबू साहब झा के प्रयास से अस्पताल में CR मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस मशीन की मदद से ऑपरेशन के दौरान हड्डी की स्थिति की लाइव इमेज देखी जा सकती है, जिससे चिकित्सकों को ऑपरेशन के दौरान काफी सुविधा मिलती है। उन्होंने बताया कि मरीज की आवश्यक जांच के बाद उसी दिन उसका ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा।
वहीं, सिविल सर्जन डॉ० बाबू साहब झा ने बताया कि CR मशीन आधुनिक तकनीक पर आधारित उपकरण है, जिसकी सहायता से ऑपरेशन के दौरान हड्डी की स्थिति को लाइव इमेज के माध्यम से देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल, सुपौल में पहली बार निशुल्क मेजर ऑर्थोपेडिक TVR ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया है।
सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल में अनुभवी एवं योग्य चिकित्सक उपलब्ध हैं। मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में भी गंभीर रोगों के इलाज और जटिल ऑपरेशन की सुविधा अस्पताल में उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने चिकित्सक डॉ० बी.एन. भारती समेत पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया। परिजनों ने कहा कि जिन सुविधाओं के लिए पहले मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, वही सुविधा अब सदर अस्पताल में उपलब्ध होना जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत है।
सदर अस्पताल में पहली बार हुए इस सफल मेजर ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन को सुपौल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Join us on: