पंकज कुमार जहानाबाद
जहानाबाद के मोदनगंज प्रखंड के परियांवा गांव में भूमि विवाद को लेकर तीन महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल महिलाओं का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। शनिवार को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
घायलों में परियांवा गांव की सीमा देवी (37), अर्चना देवी (30) और जगिया देवी (52) शामिल हैं। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों का उपचार चल रहा है। घायल महिलाओं ने बताया कि जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि शुक्रवार को करीब 10 लोग उनके घर पहुंचे। जमीन के मुद्दे पर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसमें तीनों महिलाएं चोटिल हो गईं।
घायलों से मिलने के बाद मंत्री संजय पासवान ने कहा कि महिलाओं के साथ मारपीट कजाएगाना गंभीर है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
मंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान को भी दी गई है। उन्होंने भी मामले का संज्ञान लिया है। अस्पताल से मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित पक्ष के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री के अस्पताल पहुंचने पर पीड़ित परिवार ने आरोपितों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। मंत्री ने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएग



