रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर में अपराधियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में शनिवार की सुबह एक युवक ने घर के दरवाजे पर चढ़कर पड़ोसी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान पेंटर नागेश्वर ठाकुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गोली नागेश्वर ठाकुर के बाएं हाथ में लगी है। फायरिंग की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग घर से बाहर निकल आए।
नागेश्वर ठाकुर को खून से लथपथ हालत में आनन-फानन में बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल नागेश्वर ठाकुर ने बताया कि सुबह वह अपने घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाला प्रिंस ठाकुर वहां पहुंचा और अचानक गोली चला दी।
इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। नागेश्वर ठाकुर के अनुसार, उनकी प्रिंस से कोई आपसी दुश्मनी नहीं है और आखिर उन पर गोली क्यों चलाई गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एसडीपीओ अभिजीत कौर मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि ग्राम खैरा में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है और गोली चलाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



