रिपोर्ट- अमित कुमार!
छात्रों पर गोली चलाने के मामले को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे थे लेकिन उन पर गोली चलवाने का आदेश किसने दिया इसका जवाब अब तक सरकार की तरफ से नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सरकार सिर्फ लीपापोती कर रही है।
विपक्ष का कहना है कि मामले में अब तक सिर्फ एक सिपाही को बर्खास्त किया गया है जबकि एसपी और अन्य बड़े अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। तेजस्वी ने इसे सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने 19 तारीख को बड़ा मार्च निकालने का फैसला किया है। यह मार्च राजभवन तक जाएगा और वहां राज्यपाल से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी जाएगी। तेजस्वी ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि छात्रों को न्याय मिल सके।



