SSB 48 वीं वाहिनी द्वारा इंडो नेपाल बॉर्डर पर किया गया ध्वजरोहण समारोह!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के जयनगर मे आज दिनांक 15.08.2026 को 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर मुख्यालय परिसर मे 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय परिसर में आयोजित समारोह में कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. मंजीत भाटिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी शस्त्र दी गई।

समारोह में हरेंद्र सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी, विमल गुप्ता, उप कमांडेंट, नरेंद्र कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट, अधीनस्थ अधिकारीगण, 48वीं वाहिनी के समस्त कार्मिक, सिविलियन कर्मचारी, संदीक्षा परिवार के सदस्य एवं बच्चे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 48वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार आवश्यक शासकीय ड्यूटी के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए उन महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. मंजीत भाटिया ने भी अपने संबोधन में सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल के स्वतंत्रता दिवस संदेश से सभी उपस्थितजनों को अवगत कराया तथा राष्ट्र की सेवा, सीमा सुरक्षा एवं जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सभी को प्रेरित किया।

इस अवसर पर 48वीं वाहिनी के लिए गौरव का विषय रहा कि कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. मंजीत भाटिया को बल मुख्यालय द्वारा “Medal for Meritorious Service” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया, जो सम्पूर्ण वाहिनी के लिए गर्व एवं गौरव का विषय है।

इसी क्रम में सहायक उप निरीक्षक (संचार) नीरज कुमार को महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पटना द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ गीत प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. मंजीत भाटिया द्वारा उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों से हाथ मिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मिठाई भेंट की गई।

सम्पूर्ण समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम ने सभी कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों में राष्ट्र के प्रति गर्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल किया।

Join us on: