बेतिया- बाघ के निशाने पर आया किसान, बनाया शिकार, मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!


पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में शनिवार को बाघ के हमले में एक किसान की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल दो के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत भेरियारी चौक के समीप दक्षिण टोला के पास हुई। मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय विजय हालदार के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे विजय हालदार जंगल से सटे खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वन क्षेत्र से निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर वाल्मीकिनगर-मदनपुर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से इलाके में लगातार बाघ की गतिविधियां देखी जा रही थीं। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने वन विभाग की एक गाड़ी पलट दी और कर्मी के साथ दुर्व्यवहार भी किया। सूचना पर एसडीपीओ निहार भूषण, एसडीएम चांदनी कुमारी, एसएसबी सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार समेत पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने में जुटा है।

Join us on: