:- रवि शंकर अमित!
भाजपा प्रदेश कार्यालय में अकलू तुरहा के 84वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि एवं शहादत दिवस समारोह आयोजित
शहीद अकलू तुरहा केवल तुरहा समाज के नहीं, देश के महान सपूत : संजय सरावगी
अकलू तुरहा जैसे हजारों-लाखों सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
पटना, 14 अगस्त । भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को अमर शहीद अकलू तुरहा जी के 84वें शहादत दिवस के अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा एवं अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ की ओर से श्रद्धांजलि एवं शहादत दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शामिल होकर शहीद अकलू तुरहा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर संजय सरावगी ने कहा कि 14 अगस्त का दिन मिथिला और बिहार की धरती के इतिहास में बलिदान और शौर्य का महत्वपूर्ण अध्याय है। 14 अगस्त 1942 को महज 24 वर्ष की आयु में अकलू तुरहा ने अंग्रेजी हुकूमत के दमन के सामने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की आजादी के लिए अपने सीने पर गोलियां खाईं और सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि अकलू तुरहा जी तुरहा समाज के आराध्य हैं, लेकिन उनका बलिदान केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इसलिए वे पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके जैसे हजारों-लाखों ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण भारत को आजादी मिली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे महान सेनानियों के योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज केवल एक परिवार को महिमामंडित करने के बजाय उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को भी सामने लाने की आवश्यकता है, जिनकी कुर्बानी से देश आजाद हुआ।
उन्होंने कहा कि अकलू तुरहा का शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का दिन है। उनका जीवन सिखाता है कि राष्ट्र के लिए समर्पण में उम्र और पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि जज्बा और त्याग महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जिस तिरंगे के लिए अकलू तुरहा ने अपने सीने पर गोलियां खाईं, उसे विकसित भारत और विकसित बिहार के आकाश में और अधिक शान से लहराना हम सभी का संकल्प होना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, पूर्व विधान पार्षद किरण घई, विधायक संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राजू झा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुबोध तुरहा, महानगर जिलाध्यक्ष रूप नारायण मेहता सहित प्रदेश पदाधिकारी, ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर और मुट्ठी बांधकर “शहीद अकलू तुरहा अमर रहें”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ अमर शहीद को नमन किया।




