समस्तीपुर-में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा बाजार!

SHARE:

समस्तीपुर से अरविंद कुमार!

समस्तीपुर खानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को खानपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत खानपुर स्थित भाजपा नेता सुरेश शर्मा के दरवाजे से हुई। यहां से यात्रा खानपुर बाजार, पेठिया गाछी, खानपुर-रोसड़ा रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए खानपुर बाजार स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, खानपुर पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। तिरंगे के साथ चल रहे बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

यात्रा में शामिल प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश देना चाहिए।

वहीं मंडल अध्यक्ष बम भोला सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर में तिरंगा पहुंचाना और लोगों को राष्ट्र के प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की अपील की।

पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष की बदौलत हमें आजादी मिली है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं भाजपा नेता सुरेश शर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है। तिरंगा यात्रा में जिस प्रकार लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया, उससे स्पष्ट है कि खानपुर के लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत है।

तिरंगा यात्रा में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुबीनव कुमार, बीपीआरओ संजीव कुमार, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, अशोक राम, राम बाबू चौधरी, सीता कांत ठाकुर, निरंजन राय, पप्पू झा, अशोक झा, अरविंद पासवान, धर्मेंद्र झा, प्रमोद सहनी, कमलेश महतो सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

पूरे यात्रा मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने तिरंगे के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।

Join us on: