रिपोर्ट- सोनू सिंह!
नवादा : गया-नवादा मुख्य मार्ग NH-82 पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान विद्या देवी, पति नवल सिंह, निवासी ग्राम लाटावर, जिला नवादा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार विद्या देवी अपनी पोती के साथ बाजार करने तुंगी बाजार गई थीं। दोनों सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी वहां एक चार पहिया वाहन पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि वाहन में सवार कुछ लोगों ने पोती के साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया। विरोध करने पर वाहन चालक ने विद्या देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि छेड़खानी और जानबूझकर वाहन चढ़ाने के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर NH-82 को जाम कर दिया। वे आरोपी वाहन और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
सूचना मिलते ही हिसुआ थाना और नारदीगंज थाना सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया,
NH-82 पर जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाबा धाम और बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। फिलहाल पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।




