मुंगेर से अगवा बालक आरा से बरामद, कार सवार पांच गिरफ्तार, 5 घंटे के अंदर पुलिस को बड़ी सफलता!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!

साढ़े चार घंटे में पुलिस ने सुलझाया अपहरण का मामला, पंजाब ले जाने की थी साजिश

आरा/ मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लालदरवाजा से बुधवार दोपहर अगवा किए गए बालक अभिराज को भोजपुर पुलिस के सहयोग से आरा में सकुशल बरामद कर लिया गया। मुंगेर और भोजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अपहरण की घटना के महज साढ़े चार घंटे के भीतर पुलिस ने बच्चे को बरामद करते हुए कार सवार पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, लालदरवाजा निवासी विनोद यादव का पुत्र अभिराज बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान कार सवार लोग उसे कथित तौर पर उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान मुंगेर पुलिस को अपहर्ताओं के कार से आरा की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद भोजपुर पुलिस से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई के लिए सूचना साझा की गई। भोजपुर पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार लोगों को हिरासत में लिया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ताओं की कथित योजना बच्चे को तीन लाख रुपये में बेचकर पंजाब ले जाने की थी। हिरासत में लिए गए पांच आरोपितों में दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। दोनों पुरुष पंजाब के जालंधर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, तीन महिलाओं में एक कपूरथला, दूसरी जालंधर और तीसरी बिहार के बेगूसराय जिले की रहने वाली बताई जा रही है। इसके अलावा मुंगेर से भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।

पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद अपहरण की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और बच्चे को पंजाब ले जाने के पीछे की मंशा का खुलासा होने की उम्मीद है। त्वरित पुलिस कार्रवाई से बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Join us on: