रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को भाजपा के नेतृत्व में अररिया शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्राम रक्षा दल के स्वयंसेवकों ने पूरे शहर को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष होते रहे।
यात्रा की शुरुआत भाजपा जिला कार्यालय से हुई। इसके बाद आश्रम चौक, निराला बाबू के घर, पचकौरी चौक, काली मंदिर चौक, सुभाष चौक और चांदनी चौक होते हुए खेल भवन पहुंचकर यात्रा संपन्न हुई। मार्ग में लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए यात्रा का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का पर्व है। उन्होंने जिलेवासियों से 9 से 14 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में फारबिसगंज के पूर्व विधायक विद्यासागर केसरी उर्फ मंचन केसरी, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सुराणा, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी व प्रताप नारायण मंडल, जिला महामंत्री राजेंद्र यादव व कृष्ण कुमार सेनानी, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिव्य मूर्ति संदीप समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।




