हर घर तिरंगा अभियान का सुपौल में आगाज, राष्ट्रध्वज के साथ दिखा देशभक्ति का उत्साह!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को सुपौल समाहरणालय परिसर से राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार के नेतृत्व में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों, जीविका दीदियों, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों तथा आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में तिरंगा प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विथ तिरंगा’, तिरंगा रंगोली और वंदे मातरम् गीत सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान परिसर में जगह-जगह तिरंगा दिखाई दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।‘सेल्फी विथ तिरंगा’ गतिविधि में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उसके प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं तिरंगा प्रदर्शनी और रंगोली ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के दौरान समाहरणालय परिसर में देशभक्ति का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल राष्ट्रध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।
जिलाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों, जीविका दीदियों, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों तथा निशा डांस स्टूडियो के बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उनकी मौजूदगी से आयोजन में विशेष ऊर्जा देखने को मिली।
अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक परिवारों और आम नागरिकों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, जिला संगठन आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संजय कुमार झा समेत स्काउट एवं गाइड के सदस्य, जीविका दीदियां, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Join us on: