रिपोर्ट – सुमित कुमार!
श्रावणी मेला शुरू होते ही कांवड़ यात्रा में आस्था और संकल्प की मिसाल देखने को मिल रही है। मुजफ्फरपुर जिले की कृष्णा बम वर्ष 1982 से लगातार हर सावन सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने देवघर जा रही हैं। इस वर्ष भी रविवार को वह अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर अपने जत्थे के साथ 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर देवघर के लिए रवाना हुईं।जहाँ सोमवार को जलाभिषेक करेंगी।
कृष्णा बम ने बताया कि वर्ष 1982 में उन्होंने पहली बार बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलाभिषेक किया था। इसके बाद कोई भी सावन ऐसा नहीं गया, जब वह देवघर नहीं गई हों। उन्होंने कहा कि 43 वर्षों से यह यात्रा बाबा की कृपा से लगातार जारी है। जब तक बाबा बुलाएंगे, तब तक वह यात्रा करती रहेंगी।
अपने गांव और आसपास के श्रद्धालुओं के साथ बनाए गए जत्थे में शामिल कांवरिया भजन-कीर्तन और बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। तारापुर-तेघड़ा स्थित कच्ची कांवरिया पथ पर कृष्णा बम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। लोगों ने उनका आशीर्वाद लिया। महिला कांवरियों ने भी उनसे मुलाकात कर हौसला लिया। रास्ते में कई जगह श्रद्धालुओं ने उनके जत्थे का स्वागत किया।
बढ़ती उम्र के बावजूद कृष्णा बम के उत्साह और श्रद्धा में कमी नहीं आई है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कई बार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हुईं। स्वास्थ्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मेरे दोनों घुटने टूट गए थे। इस बार बाबा ने थोड़ा सही किया है, इसलिए मैं आ रही हूं। सब सही है, बाबा सब सही रखते हैं।”
कृष्णा बम की सुरक्षा को लेकर तारापुर पुलिस भी सतर्क रही। अपर थानाध्यक्ष सुबन्ता कुमारी और दरोगा अनिल सिंह ने उन्हें तारापुर की सीमा पार कराई। पुलिसकर्मी रास्ते में जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके जत्थे को आगे बढ़ाते रहे।
कृष्णा बम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाबा बैद्यनाथ धाम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह काशी विश्वनाथ और उज्जैन के महाकाल मंदिर की सुविधाओं को बेहतर किया गया है, उसी तरह बाबा बैद्यनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश की तरक्की और देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
बाइट-कृष्ण बम डाक कांवरिया


