रिपोर्ट – पियूष कुमार!
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान कैमूर जिले के भभुआ स्थित सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान एनडीए के स्थानीय कार्यकर्ताओं व नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री जमा खान ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला।
विपक्ष द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना रह गया है। वे बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों पर कभी गंभीर नहीं रहते। उन्होंने कहा कि सदन की बैठकों और महत्वपूर्ण चर्चाओं से विपक्ष नदारद रहता है और बाहर निकलकर बयानबाजी करता है। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में ऐसे रवैये का जवाब जरूर देगी।
जमा खान ने कहा कि एनडीए एक अनुशासित गठबंधन है जो संवैधानिक दायरे में रहकर काम करता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून व्यवस्था, विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि अगर वे वास्तव में बिहार का विकास चाहते हैं, तो उन्हें एनडीए से काम करने का तरीका और संघर्ष सीखना चाहिए।
इस दौरान सर्किट हाउस में भाजपा के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष अजय सिंह पटेल सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाइट – जमा खान – अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बिहार सरकार



