शेखपुरा- चीनी लदे ट्रक से निकला शख्स का शव, मची सनसनी, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!

शेखपुरा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां बायपास रोड एनएच-333ए के किनारे खड़े चीनी लदे एक ट्रक के केबिन से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना शेखपुरा टाउन थाना क्षेत्र के एनएच-333ए की बताई जा रही है। शनिवार की सुबह पूजा करने जा रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर पड़ी। ट्रक में किसी तरह की हलचल नहीं दिखाई देने पर लोगों ने ट्रक के पास जाकर जांच की। इसी दौरान ट्रक के केबिन में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को घटना की सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर शेखपुरा के चीनी कारोबारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रक पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज से चीनी लादकर शेखपुरा के लिए चला था। सुबह जब उन्होंने ट्रक के चालक को लगातार फोन किया तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने ट्रांसपोर्ट मालिक संजय ट्रांसपोर्ट से संपर्क किया। ट्रांसपोर्ट मालिक ने जीपीएस लोकेशन देखकर बताया कि ट्रक शेखपुरा बाईपास स्थित लाइन होटल के पास खड़ा है। इसके बाद अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक के दोनों तरफ के दरवाजे को खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब उन्होंने ट्रक के बायीं तरफ के टायर पर चढ़कर केबिन के अंदर देखा तो वहां खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव पड़ा था। शव मुंह के बल केबिन में गिरा हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक ट्रक का चालक है या खलासी। पुलिस शव की पहचान कराने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Join us on: