रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के औंसी थाना पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विद्यालय वाहन लिखे एक मैजिक वाहन से 41 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में प्रयुक्त मैजिक वाहन को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान गांव क्यामचक, थाना क्वोटी, जिला दरभंगा के महेश यादव के रूप में हुई है।
मामले को लेकर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया है कि रहिका की ओर से आ रहे एक मैजिक वाहन, जिस पर विद्यालय वाहन लिखा हुआ था, पर संदेह होने के कारण उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 41 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद चालक को तत्काल गिरफ्तार कर वाहन एवं गांजा को जब्त कर लिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क को खंगालने मे जुटी हुई है।




