रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
24 घंटे के भीतर साफ सफाई कराने का डीएस को दिया निर्देश
मधुबनी के सिविल सर्जन डॉ हरेंद्र कुमार ने बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा काउंटर, भंडार कक्ष, लेबर रूम, पैथोलैब व एक्सरे रूम सहित अन्य का निरीक्षण किया और मौजूद डीएस को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये। वे पहले ओपीडी में पहुंचे, जहां चिकित्सक मौजूद थे। वहां से निकलने के बाद वो दवा काउंटर पर पहुंचे, जहां मौजूद कर्मियों से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उसके बाद वे इमरजेंसी वार्ड और वहां से पहली मंजिल पर स्थित लेबर रूम में पहुंच स्थिति से अवगत हुए और मरीजों से बात भी की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चप्पे चप्पे में गंदगी का अंबार देख सीएस बिफर पड़े। सीएस ने बताया कि अस्पताल में निरीक्षण के दौरान साफ सफाई की स्थिति बद से बदतर दिखी है। सफाई कर्मचारियों की मनमानी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। वो लोग मनमानी काफी अधिक करते हैं। काफी अधिक दबाव बनाते हैं, ताकि उनका पेमेंट हो जाए। हमलोग एजेंसी को भुगतान करते हैं। इनलोगों को एजेंसी से अपना पेमेंट लेना चाहिए। हम तो खुद भी कहते हैं कि एजेंसी अगर किसी भी कर्मी को रखता हैं और वो काम कर रहे हैं तो उनका पेमेंट होना आवश्यक है। अस्पताल स्वच्छ रहे यह सफाई कर्मी और एजेंसी सुनिश्चित करें। सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और कर्मियों की उपस्थिति भी देखी गई है। नए डीएस को पदभार ग्रहण किए महज एक माह हुए हैं। उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो रही है या कमी है, इन सभी बिंदुओं पर भी जानकारी ली गई है। डीएस को 24 घंटे के अंदर साफ सफाई करा अस्पताल को स्वच्छ बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अगर कोई कर्मी कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं या बात नहीं मान रहे हैं तो रिपोर्ट करें, ताकि जिला से कार्रवाई किया जा सके। सीएस के निरीक्षण के दौरान डीएस अवधेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।



