ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में बड़ी सफलता: आरा स्टेशन से 6 शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 6 स्मार्टफोन बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!


आरा, 5 अगस्त। रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी के छह स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं जीआरपी थाना आरा के थानाध्यक्ष रंधीर कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच एवं सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से एक-एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मोबाइल फोन रेल यात्रियों से चोरी किए हैं। साथ ही उन्होंने अपने गिरोह के चार अन्य साथियों के स्टेशन परिसर में मौजूद होने की जानकारी दी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म पर छापेमारी कर गिरोह के शेष चार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाशी के दौरान भी एक-एक चोरी का स्मार्टफोन बरामद हुआ।
पूछताछ में सभी छह आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राकेश कुमार (28), आनंद कुमार (22), मोहम्मद निशाल (25), मोइनुद्दीन (47), टुनटुन पांडेय (26) एवं रोहित पांडेय (27) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपित भोजपुर जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपित उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे परिसर को अपराधमुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Join us on: