खेत में मोटर चलाने के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत, गांव में पसरा मातम!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- जिले के वीणा बभंगामा पंचायत के वार्ड संख्या-12 में गुरुवार को खेत की सिंचाई के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 38 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।परिजनों के अनुसार मृतक सुबह खेत में सिंचाई के लिए मोटर चलाने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि वह खेत में अचेत अवस्था में पड़ा है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।मृतक के बड़े भाई भूप नारायण झा ने बताया कि मोटर चालू करने के दौरान उनका भाई बिजली के करंट की चपेट में आ गया। आशंका है कि करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक परिवार का कमाऊ सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मृतक के परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, इसलिए सरकार को तत्काल सहायता प्रदान करनी चाहिए।सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि करंट किन परिस्थितियों में लगा तथा कहीं विद्युत सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में खेत में मोटर चलाने के दौरान करंट लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: