एसएसबी को देखते ही नेपाली शराब लदी बाइक छोड़ तस्कर फरार, अल्प मात्रा में शराब के साथ बाइक जब्त!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर की सीमा चौकी सतना के जवानों ने मंगलवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.865 लीटर नेपाली विदेशी शराब तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की। हालांकि तस्कर जवानों को देखकर बाइक समेत सामान को छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप भारतीय सीमा क्षेत्र में की गई। गश्त के दौरान एसएसबी जवानों ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बोरी लादकर नेपाल की ओर से भारत की ओर आते देखा। सुरक्षा बलों के जवानों को देखते ही वह मोटरसाइकिल और बोरी छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकला।
जवानों ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरे और सीमा क्षेत्र का लाभ उठाकर तस्कर फरार हो गया। मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी लेने पर उसमें से 22.865 लीटर नेपाली विदेशी शराब बरामद हुई। साथ ही घटनास्थल से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब एवं मोटरसाइकिल को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सिमराही को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक (जीडी) बबलू कुमार सिंह के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों द्वारा सफलतापूर्वक की गई।
45वीं वाहिनी, एसएसबी वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सीमापार से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी नियमित रूप से सघन अभियान एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Join us on: