सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स द्वारा गया में बड़ी कार्रवाई, कथित नकली दवाओं का जखीरा जब्त!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

गया जिले से इस वक्त की बड़ी खबर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुरारपुर मोहल्ले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कथित नकली दवाइयों का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

गया के मुरारपुर मोहल्ले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कथित नकली दवाइयां बरामद की हैं। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव के अनुसार, यह कार्रवाई पहले से मिल रही गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जांच अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले भी मानपुर, खजाहांपुर और बजाजा रोड समेत कई स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। उन स्थानों से भी बड़ी मात्रा में कथित नकली दवाइयां और एक महत्वपूर्ण डायरी बरामद हुई थी।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरामद डायरी में कई डॉक्टरों और अस्पतालों के नाम दर्ज हैं, जहां इन दवाइयों की सप्लाई किए जाने की आशंका है। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है।
प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि इन कथित नकली दवाइयों का इस्तेमाल बच्चों के इलाज में भी किया जा सकता था, जो उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है।
फिलहाल सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है। बरामद दवाइयों की गुणवत्ता और असलियत की पुष्टि के लिए उन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मुरारपुर में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद दवा कारोबार से जुड़े कई लोगों में हड़कंप का माहौल है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
बाईट – सिद्धार्थ श्रीवास्तव जांच अधिकारी
रिपोर्ट – – अभिषेक कुमार
ग़या

Join us on: