रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल:- जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के बैरो गांव स्थित वार्ड नंबर-09 बॉसबाड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने 16 ग्राम स्मैक के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से नगद राशि, मोबाइल फोन तथा स्मैक सेवन में प्रयुक्त गैस लाइटर भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में सुपौल सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि 26 जुलाई की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरो वार्ड संख्या-09 के बॉसबाड़ी में कुछ लोग चोरी-छिपे स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और शाम के वक्त छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से वकील कुमार (22 वर्ष), हितेश पासवान, सावन कुमार (20 वर्ष), मो० सिकाईल (24 वर्ष) तथा प्रियेस कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 16 ग्राम स्मैक, तीन गैस लाइटर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 12 सौ रुपये नकद बरामद किए गए।
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में सुपौल थाना कांड संख्या-484/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार तस्करों का संबंध किसी बड़े स्मैक तस्करी गिरोह से है या नहीं तथा इनके अन्य सहयोगियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान कर रही है।




