आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले के आरा शहर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। टाउन थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम के पास झोपड़पट्टी में सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार वाहन ने घर के बाहर खाना बना रही 5 वर्षीय बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृत बच्ची की पहचान ममता कुमारी (5 वर्ष), पिता फेकन राम के रूप में हुई है। ममता तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके परिवार में बड़ी बहनें सोनी कुमारी और काजल, भाई दीपक कुमार तथा मां गायन्ति देवी हैं। माता-पिता दोनों नगर निगम में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत हैं।
घायलों में मृतका की बहन सोनी कुमारी और क्रांति देवी, पति साधु राम शामिल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।




