बांकीपुर उपचुनाव: तेजस्वी यादव का 4 किमी रोड शो, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में करीब चार किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनता से रेखा गुप्ता के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र और बिहार सरकार पर भी तीखा हमला बोला।
वीओ:
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह किसानों के साथ अन्याय हुआ, उसी तरह अब छात्रों के साथ भी अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा गोली चलाना बेहद गंभीर मामला है। उनका दावा था कि देश के बड़े-बड़े आंदोलनों में भीड़ नियंत्रण के लिए कभी AK-47 का इस्तेमाल नहीं हुआ, लेकिन बिहार में छात्रों पर गोली चलाने की घटना अभूतपूर्व है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल में छात्रों पर गोली चलवाई गई। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल अधिकांश छात्र 16–17 वर्ष की आयु के थे और वे केवल नीट पेपर लीक मामले में न्याय की मांग कर रहे थे।
उन्होंने एक पुलिसकर्मी को बर्खास्त किए जाने को “दिखावटी कार्रवाई” बताते हुए सवाल उठाया कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। उन्होंने मांग की कि आदेश देने वाले अधिकारी की पहचान सार्वजनिक की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि इस मामले में एसपी, गृह मंत्री या अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होगी या नहीं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, चुनाव प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के लिए हाथ जोड़कर वोट मांगे। उनका रोड शो मीठापुर से सब्जीबाग तक निकाला गया। पूरे रास्ते बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
करीब चार किलोमीटर लंबे इस रोड शो के बाद तेजस्वी यादव 28 जुलाई को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी पूरी ताकत झोंकेंगे। वह डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और रेखा गुप्ता के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

Join us on: