सर्च अभियान में छह केन बम बरामद, नक्सली वर्दी और साहित्य भी मिला!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

-मुंगेर: नक्सल प्रभावित लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र में एसटीएफ पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान पहाड़ी की गुफा से छह केन बम बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस को दो नक्सली वर्दी, एक नक्सली साहित्य, खाली बैग और कागजात के टुकड़े भी मिले हैं।

जमालपुर एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सी-लेवल के जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया था। इसी दौरान लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के भैंसादह पहाड़ी स्थित पिलवाही कोल की गुफा में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए छह केन बम बरामद किए गए। प्रत्येक केन बम का वजन करीब 10 किलो बताया जा रहा है।पुलिस टीम ने विशेष सावधानी और सतर्कता बरतते हुए डिमाइनिंग प्रक्रिया के तहत गुफा में डंप किए गए केन बमों को बाहर निकाला। जांच के दौरान विस्फोटक पदार्थ खराब स्थिति में पाए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों ने इन विस्फोटकों को कई वर्ष पूर्व पहाड़ की गुफा में छिपाकर रखा था।

एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि सर्च अभियान लड़ैयाटांड़ थाना पुलिस, एसटीएफ और घटवारी अभियान दल की संयुक्त टीम ने चलाया। बरामद सभी सामानों को अग्रिम कार्रवाई के लिए लड़ैयाटांड़ थाना के पुलिस पदाधिकारी को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया है।

Join us on: