रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने वाली इंडो नेपाल बोर्डर पर सुरक्षा मे तैनात 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के प्रांगण में अंतर-वाहिनी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता–2026 का शुभारंभ गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् की प्रस्तुति एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट राजेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में द्वितीय- कमान- अधिकारी, अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, खिलाड़ी एवं विभिन्न वाहिनियों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता में क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, मुजफ्फरपुर सहित 20 वीं, 48 वीं, 51 वीं एवं 71 वीं वाहिनी की कुल पाँच टीमें भाग ले रही हैं।
अपने उद्घाटन संबोधन में कमांडेंट राजेन्द्र कुमार ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक क्षमता के विकास के साथ-साथ आपसी समन्वय, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को भी सुदृढ़ बनाती हैं।
प्रतियोगिता के पीठासीन अधिकारी उप कमांडेंट विमल गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन के दौरान प्रतियोगिता के नियमों एवं स्वरूप की विस्तृत जानकारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस दोनों खेलों का आयोजन अधिकारी वर्ग तथा अधीनस्थ अधिकारी एवं अन्य रैंक के लिए पृथक-पृथक वर्गों में किया जा रहा है। बैडमिंटन के मैच 21 अंकों तथा टेबल टेनिस के मैच 11 अंकों के होंगे और प्रत्येक मुकाबला बेस्ट ऑफ थ्री सेट्स के आधार पर खेला जाएगा। समग्र चैंपियनशिप का निर्णय निर्धारित अंक प्रणाली एवं आवश्यकता पड़ने पर सेट प्वाइंट्स अंतर के आधार पर किया जाएगा।
समारोह के अंत में द्वितीय- कमान-अधिकारी हरेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों, निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह के उपरांत निर्धारित कार्यक्रमानुसार बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के मैच प्रारंभ किए गए।



