रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
आरा, 22 जुलाई। महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय के बीसीए विभाग में बुधवार को सेमेस्टर-6 (सत्र 2023-26) के विद्यार्थियों के डिसर्टेशन एवं सॉफ्टवेयर प्रेजेंटेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने समाज और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित तीन उपयोगी सॉफ्टवेयर प्रस्तुत कर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान समन्वयक डॉ. शिखा अवस्थी, बाह्य परीक्षक डॉ. रमेश कुमार एवं डॉ. अजय कुमार, आंतरिक परीक्षक एवं शिक्षक राघवेंद्र नारायण विकास तथा गाइड एवं मेंटर अमरजीत मिश्र उपस्थित रहे।
प्रेजेंटेशन के दौरान छात्राओं ने ‘फ्रॉड डिटेक्शन पोर्टल’ प्रस्तुत किया, जिसका उद्देश्य “Every Click is Not Safe” की थीम के तहत किसी भी लिंक की सुरक्षा की जांच कर उसे सुरक्षित या असुरक्षित बताना है। इस परियोजना को अंजलि, निक्की एवं अरीबा के समूह ने तैयार किया।
वहीं, रिम्स, जया एवं रोमा के समूह ने ‘चाइल्ड स्फेयर’ वेबसाइट विकसित की, जिसके माध्यम से अनाथ, मानसिक रूप से विशेष आवश्यकता वाले, नशा प्रभावित एवं अन्य जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए स्वयंसेवकों, संस्थाओं, अभिभावकों एवं व्यक्तिगत स्तर पर पंजीकरण कर सहयोग उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इसके अलावा रितिका, मनीषा, पिंकी एवं सुधा के समूह ने ‘ग्रीन हार्मोनी सिस्टम’ तैयार किया, जो भोजन की बर्बादी रोकने, पुराने कपड़ों एवं फूलों के पुनः उपयोग तथा पशु-पक्षियों के संरक्षण जैसे पर्यावरण हितैषी कार्यों को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित एवं समन्वयक डॉ. शिखा अवस्थी ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय का बीसीए विभाग हर वर्ष समाजोपयोगी एवं नवाचार आधारित सॉफ्टवेयर विकसित कर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
बाह्य परीक्षक डॉ. रमेश कुमार एवं डॉ. अजय कुमार तथा आंतरिक परीक्षक राघवेंद्र नारायण विकास ने छात्राओं के प्रोजेक्ट की तकनीकी गुणवत्ता, उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं का मूल्यांकन किया। वहीं गाइड एवं मेंटर अमरजीत मिश्र ने छात्राओं को इन सॉफ्टवेयर को लाइव प्लेटफॉर्म पर विकसित कर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




