रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
मोतिहारी
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के सबसे बड़े सदर अस्पताल को बुधवार को बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसके तहत मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) की शुरुआत हुई। इसके साथ ही जिले के पांच अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया गया।
मोतिहारी सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने फीता काटकर 10 बेड के आईसीयू का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने आईसीयू का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि आईसीयू का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि गंभीर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
नए आईसीयू की शुरुआत से अब गंभीर मरीजों को छोटी-छोटी वजहों से पटना या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। वहीं, जिले के पांच अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा शुरू होने से किडनी रोगियों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से पूर्वी चंपारण जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा आम लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज का लाभ मिलेगा।
बाईट :__ सौरभ सुमन यादव, जिलाधिकारी



