30 जुलाई से शुरू होगा सावन, जयनगर के ऐतिहासिक शिलानाथ मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब!

SHARE:

रिपोर्ट – राजीव कुमार झा

सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है। इसके साथ ही मधुबनी जिले के जयनगर स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध शिलानाथ महादेव मंदिर, मिथिला के देवघर कपिलेश्वर, कलानेश्र्वर, बाबा उगना महादेव स्थान,भैरवा सहित दर्जनो मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। जिसे देखते हुए अभी से तैयारी प्रारंभ कर दिया गया है। वही भारत नेपाल सीमा से सटे होने के कारण शिलानाथ के प्राचीन शिव मंदिर में सावन के पूरे महीने बिहार, नेपाल सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। शिलानाथ महादेव मंदिर वर्षों पूर्व से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र रहा है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक करता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष सावन के दौरान यहां श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। सावन माह में श्रद्धालु जयनगर की पवित्र कमला नदी से जल भरकर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करते हुए शिलानाथ महादेव मंदिर पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, आक और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर श्रद्धालु सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को मंदिर में विशेष पूजा- अर्चना का आयोजन किया जाता है। इन दिनों मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो जाता है। सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहता है। स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ जाती है, जहां पूजा सामग्री, फूल-माला, बेलपत्र, प्रसाद और कांवड़ की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिलती है। मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। धार्मिक मान्यताओं और वर्षों पुरानी परंपरा के कारण जयनगर का शिलानाथ महादेव मंदिर केवल मधुबनी ही नहीं, बल्कि पूरे मिथिलांचल और नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है। इस वर्ष भी सावन की शुरुआत के साथ यहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पूरा जयनगर क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।

Join us on: