आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले में सोमवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना आयर थाना क्षेत्र की वरना पंचायत के असुधन मठिया गांव की है। यहां ठनका गिरने से वार्ड संख्या-11 के वार्ड सदस्य भिखारी यादव की मौत हो गई। वहीं, उसी घटना में ललन यादव और उनकी पत्नी शिव कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के खराटी गांव में हुई, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों एवं पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है।




